Bokaro : बोकारो स्टील प्लांट (BSL) की ओर से रविवार को फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइक्लोथॉन 2026 का भव्य आयोजन किया गया। फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बोकारो समेत आसपास के क्षेत्रों से 600 से अधिक साइकिलिस्टों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और फिट रहने का संदेश दिया।

सुबह हरी झंडी दिखाकर किया गया शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत बीएसएल के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने हरी झंडी दिखाकर की। इस दौरान अधिकारियों एवं प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन स्थल पर सुबह से ही प्रतिभागियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।
14 किलोमीटर की दौड़ में दिखा जोश
सुबह 6:30 बजे सेक्टर-4 स्थित आर्चरी ट्रेनिंग सेंटर के समीप से साइक्लोथॉन की शुरुआत हुई। 14 किलोमीटर लंबी इस रेस में प्रतिभागियों ने निर्धारित मार्ग पर दो चक्कर लगाए। यह रूट पथरकट्टा चौक, राम मंदिर चौक, राजेंद्र चौक और गांधी चौक से होकर गुजरा। सभी प्रतिभागी पुनः प्रारंभिक स्थल पर पहुंचे।

सुरक्षा और सुविधाओं की रही पुख्ता व्यवस्था
पूरे मार्ग में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। इसके अलावा प्रतिभागियों के लिए पेयजल एवं चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई थीं, जिससे कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सका।
विजेताओं को किया गया सम्मानित
प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग की विभिन्न श्रेणियां शामिल थीं। समापन समारोह में विजेताओं को मुख्य अतिथि व अन्य अधिकारियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।
स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा
आयोजकों ने बताया कि ऐसे आयोजन लोगों को साइकिलिंग अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। इससे न केवल स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अहम योगदान मिलता है। कार्यक्रम ने शहर में सामुदायिक भागीदारी और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का कार्य किया।
विजेताओं के नाम –
पुरुष अंडर-14 वर्ग में प्रताप सिंह ने पहला, रितिक ने दूसरा और अनमोल ने तीसरा स्थान हासिल किया। पुरुष 14-30 वर्ग में सुतत्वा प्रथम, विवेक द्वितीय और प्रिंस तृतीय रहे। पुरुष 30-50 वर्ग में अमित ने पहला, संजय ने दूसरा और जय शंकर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में कृष्णन पहले, नीड दूसरे और राजेंद्र तीसरे स्थान पर रहे।
महिला अंडर-14 वर्ग में रिव्यू ने पहला, युक्ति ने दूसरा और आराध्या ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला 14-30 वर्ग में लक्ष्मी प्रथम, सुलेखा द्वितीय और अनुपमा तृतीय रहीं। महिला 30-50 वर्ग में पूजा ने पहला, राधिका ने दूसरा और शोभा तीसरे स्थान पर रहीं। महिला 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में वरुणा ने पहला, मार्गरेट ने दूसरा और डेजी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा सबसे कम उम्र के प्रतिभागी के रूप में शौर्य कटा को विशेष पुरस्कार दिया गया।

