Bokaro: जिले में इन दिनों मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट बोर्ड की परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संचालित हो रही हैं। इस बीच जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के हित में आमजनों से विशेष संवेदनशीलता बरतने की अपील की है। उपायुक्त अजय नाथ झा ने मंगलवार को नागरिकों से अनुरोध किया कि परीक्षा अवधि के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों, विवाह समारोहों एवं अन्य कार्यक्रमों में तेज ध्वनि वाले यंत्रों, विशेषकर डीजे का प्रयोग न करें।

अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण..
उपायुक्त ने कहा कि हजारों छात्र-छात्राएं अपने भविष्य के निर्माण के लिए कठिन परिश्रम कर रहे हैं। ऐसे में अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण उनकी पढ़ाई और एकाग्रता को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा में व्यवधान न हो, यह सुनिश्चित करना समाज के प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है।
अनुकूल वातावरण बनाए रखना प्रशासन की..
डीसी बोकारो ने आयोजनकर्ताओं, अभिभावकों एवं आम नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि यदि ध्वनि यंत्रों का प्रयोग अत्यंत आवश्यक हो तो कम आवाज में ही उपयोग करें तथा निर्धारित मानकों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा अवधि में शांत एवं अनुकूल वातावरण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।

बच्चों के…
जिला प्रशासन ने विश्वास जताया है कि बोकारोवासी सदैव की तरह इस बार भी संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देंगे। प्रशासन ने कहा कि आइए, हम सब मिलकर अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहभागी बनें और परीक्षा के इस महत्वपूर्ण समय में उन्हें शांत माहौल उपलब्ध कराएं।

