Bokaro: सोमवार को हूल दिवस के अवसर पर डीसी अजय नाथ झा एवं एसपी श्री हरविंदर सिंह ने सेक्टर 12 के पुलिस लाइन स्थित शहीद बेदी पर पुष्प अर्पित कर हूल क्रांति के महानायक सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, संथाल विद्रोह के सभी वीर सेनानियों एवं शहीद पुलिस जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया।
मौके पर डीसी ने कहा कि वर्ष 1855 में शुरू हुआ संथाल हूल विद्रोह भारत के स्वतंत्रता संग्राम का एक अत्यंत प्रेरणादायक अध्याय है। यह आंदोलन न केवल ब्रिटिश शासन के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक था, बल्कि सामाजिक अन्याय और शोषण के खिलाफ उठी जनजातीय चेतना की एक सशक्त अभिव्यक्ति भी थी।
उन्होंने कहा कि सिदो-कान्हू और उनके साथियों ने अद्वितीय साहस, संगठन और आत्मबल के साथ संघर्ष किया। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सत्य, स्वतंत्रता और न्याय की राह पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।
वहीं, डीसी – एसपी ने आम लोगों से आह्वान किया कि वे हूल क्रांति के मूल्यों को आत्मसात करते हुए समाज में समानता, सद्भाव और न्याय की भावना को आगे बढ़ाएं।