Bokaro: जिले के पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र के कुर्रा गांव में रविवार को एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय चमतु केवट के रूप में की गई है, जो गांव का ही रहने वाला था। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए।
रातभर उसकी तलाश की गई
परिजनों ने बताया कि चमतु शनिवार रात घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। रातभर उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। रविवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के पास एक पेड़ से शव लटका देखा और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। पिंड्राजोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं।
पुलिस जाँच में जुटी
यह आत्महत्या है या हत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। थाना प्रभारी अभिषेक कुमार रंजन ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस प्रारंभिक जांच में जुटी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


