Bokaro: ज़िले के गोमिया प्रखंड के चतरो चट्टी थाना क्षेत्र स्थित मुरपा गांव में प्रेमी-प्रेमिका का शव पेड़ से लटका मिलने से गुरुवार सुबह सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है। शादी में हो रही देरी को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।

प्रेम संबंध
मृतकों की पहचान मुरपा निवासी सावित्री कुमारी (20) और विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के डुमरिया टांड़ निवासी फूलचंद मांझी (25) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और वे शादी करने की जिद कर रहे थे। दोनों परिवारों की सहमति से विवाह के लिए एक वर्ष का समय तय किया गया था, लेकिन युवक-युवती इस इंतजार को स्वीकार नहीं कर सके।
सरहुल मेला देखने गए थे
बताया गया कि होली से एक दिन पहले मंगलवार को दोनों सरहुल मेला देखने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद वे वापस नहीं लौटे। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। गुरुवार सुबह युवती के घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक पेड़ से दोनों के शव फंदे से लटके मिले। ग्रामीणों ने पुलिस पहुंचने से पहले शव नीचे उतार लिए।

पुलिस कर रही जाँच
थाना प्रभारी शशि शेखर ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

