Bokaro: दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) बोकारो के विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय संस्कृत ओलंपियाड 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इंटरनेशनल ओलंपियाड फाउंडेशन (IOF) द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 176 विद्यार्थियों ने पदक प्राप्त किए, जिसमें 92 स्वर्ण, 47 रजत और 26 कांस्य शामिल हैं।

इंटरनेशनल और जोनल रैंक
पांच छात्रों ने अंतरराष्ट्रीय रैंक 1 हासिल किया। इनमें कक्षा 6 की आराध्या कुमारी, मानवी शेखर, शांभवी, कक्षा 9 के अनीश राज और कक्षा 10 के अभिनव मंडल शामिल हैं। वहीं, छह छात्रों ने जोनल रैंक 1 प्राप्त किया।
सम्मान समारोह
विद्यालय में आयोजित विशेष एसेम्बली में प्राचार्य डॉ. ए एस गंगवार ने सभी टॉपरों को प्रमाण-पत्र और मेडल पहनाकर सम्मानित किया। प्राचार्य ने विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और संस्कृत के महत्व व राष्ट्र के लिए योगदान देने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि देवभाषा संस्कृत समस्त भाषाओं की जननी है, जिसकी वैज्ञानिकता आज पूरी दुनिया स्वीकार कर रही है। विद्यार्थियों में इसकी गहन जानकारी और इस दिशा में इस प्रकार की प्रतिभागिता आवश्यक है।


