Bokaro: चास नगर निगम क्षेत्र के प्रमुख भाजपा कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को जिलाध्यक्ष जयदेव राय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह कोडरमा के पूर्व सांसद डॉ. रविन्द्र राय, धनबाद विधायक राज सिन्हा, चंदनक्यारी के पूर्व विधायक अमर बाउरी तथा बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी शहरी निकाय चुनाव को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। नेताओं ने एक स्वर में नगर निकाय चुनाव शीघ्र कराने और दलीय आधार पर कराने की मांग दोहराई। डॉ. रविन्द्र राय ने कहा कि दलीय आधार पर और ईवीएम से चुनाव होने पर ही निष्पक्षता सुनिश्चित होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में शामिल दल निष्पक्ष चुनाव नहीं चाहते, इसलिए बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मंशा बना रहे हैं।
डॉ. राय ने स्पष्ट किया कि भाजपा राज्य सरकार पर लगातार दबाव बनाएगी कि नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर हों, ताकि पार्टी की नीति और सिद्धांतों से जुड़े सक्षम लोग जनप्रतिनिधि बन सकें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वार्ड और मेयर पद के लिए बूथ स्तर पर अभी से संपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया।

नेताओं ने कहा कि नगर निगम में भाजपा कार्यकर्ताओं के निर्वाचित होने से क्षेत्र का सर्वांगीण विकास संभव होगा। बैठक में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


