Bokaro: बोकारो के बसंत मेला ग्राउंड स्थित सिटी पार्क में आयोजित पासवान समाज का मिलन समारोह ऐतिहासिक और भव्य रूप में संपन्न हुआ। इस आयोजन में समाज के हजारों लोगों की गरिमामयी उपस्थिति ने इसे यादगार बना दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बोकारो पासवान परिवार के अध्यक्ष मनोज पासवान ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर मौजूद रहे।
सरकारी टेंडर में 4% आरक्षण
अपने संबोधन में वित्त मंत्री ने पासवान समाज को वीर और रक्षक परंपरा वाला बताते हुए कहा कि समाज ने हमेशा देश और समाज की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने सरकारी उपक्रमों में जारी टेंडरों में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए निर्धारित चार प्रतिशत आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि समाज के लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।
युवाओं को आगे बढ़ने के लिए करें प्रेरित
कार्यक्रम के उद्घाटनकर्ता धनंजय कुमार उर्फ मृणाल पासवान, अध्यक्ष राज्य अनुसूचित जाति आयोग बिहार, ने समाज की एकता और संगठनात्मक मजबूती को भविष्य की कुंजी बताया। चतरा विधायक जनार्दन पासवान ने समाज की एकजुटता को समय की आवश्यकता बताया, जबकि बिहार सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. सुरेश पासवान ने समाज के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। पूर्व विधायक प्रत्याशी प्रिंस पासवान ने युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केदार पासवान ने आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।

समारोह में वरिष्ठजनों, युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक वानभोज आयोजित हुआ, जिससे सामाजिक भाईचारा और समरसता और मजबूत हुई। अंत में अध्यक्ष मनोज पासवान ने सभी अतिथियों, समाज के लोगों और मीडिया के प्रति आभार जताते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक आयोजनों को जारी रखने की बात कही।

