Bokaro: दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) बोकारो के दो नन्हे विद्यार्थियों — अयांश पुंज और यश्वी प्रिया — ने ताइक्वांडो की जिलास्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण और रजत पदक जीते हैं। इन उपलब्धियों के दम पर दोनों ने स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) गेम्स के राज्यस्तरीय मुकाबले में अपनी जगह सुनिश्चित की है।
पहली कक्षा के अयांश ने जीते चार पदक
महज पहली कक्षा में पढ़ने वाले अयांश पुंज ने छोटी उम्र में बड़ा कारनामा कर दिखाया है। उन्होंने अब तक ताइक्वांडो में तीन स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किए हैं। हाल ही में चास में आयोजित प्रथम दिशोम गुरु जिलास्तरीय प्रतियोगिता में उन्होंने रजत पदक हासिल किया, जबकि 31वीं एवं 32वीं बोकारो जिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता और तृतीय अंतर विद्यालय जिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।

यश्वी प्रिया ने रचा स्वर्णिम इतिहास
चौथी कक्षा की छात्रा यश्वी प्रिया ने भी एक के बाद एक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने प्रथम दिशोम गुरु जिलास्तरीय प्रतियोगिता, 31वीं एवं 32वीं बोकारो जिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता और तृतीय अंतर विद्यालय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीते हैं। इससे पहले, वह 23वीं राज्यस्तरीय सब-जूनियर एवं जूनियर ताइक्वांडो प्रतियोगिता में रजत पदक विजेता रह चुकी हैं।
रांची में दिखाएंगे दमखम
अब दोनों ही प्रतिभाशाली खिलाड़ी इस महीने रांची में होने वाले एसजीएफआई राज्यस्तरीय ताइक्वांडो मुकाबले में भाग लेंगे। विद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
प्राचार्य ने दी बधाई, कहा—‘कम उम्र में बड़ी उपलब्धि’
अयांश और यश्वी सोमवार को अपने माता-पिता के साथ विद्यालय पहुंचे और प्राचार्य डॉ. ए.एस. गंगवार से आशीर्वाद प्राप्त किया। प्राचार्य ने कहा, “इतनी कम उम्र में ताइक्वांडो जैसी कठिन विधा में सफलता प्राप्त करना अत्यंत प्रेरणादायक है।” उन्होंने अभिभावकों के सहयोग और बच्चों के समर्पण की सराहना करते हुए विद्यालय और शहर का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
परिवार से मिला पूरा समर्थन
अयांश बीएसएलकर्मी आदित्य कुमार और गृहिणी अन्नपूर्णा कुमारी के पुत्र हैं। उन्हें खेलों में विशेष रुचि है। वहीं, इस्पातकर्मी सुशील कुमार और गृहिणी एकता कुमारी की पुत्री यश्वी प्रिया को ताइक्वांडो के अलावा चित्रांकन का भी शौक है, जिसमें उन्होंने कई पुरस्कार जीते हैं।
