Bokaro: शहर के चास स्थित आकास अस्पताल में आयोजित छह दिवसीय सिविल डिफेंस आवासीय प्रशिक्षण सत्र का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कार्यक्रम का मुख्य फोकस आपात स्थितियों में त्वरित राहत और प्राथमिक उपचार के साथ-साथ जागरूकता फैलाने पर रहा। विशेष रूप से स्नेक बाइट, सड़क दुर्घटना, सीपीआर, फ्रैक्चर और आग लगने जैसी घटनाओं में शुरुआती मिनटों की भूमिका को विस्तार से समझाया गया।

छोटी-छोटी रील्स बनाकर
समापन अवसर पर उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने नव-प्रशिक्षित स्वयंसेवकों से अपील की कि वे केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रहें, बल्कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर छोटी-छोटी रील्स बनाकर सही प्राथमिक उपचार की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि स्नेक बाइट के बाद क्या करें और क्या न करें, सीपीआर देने का सही तरीका, दुर्घटना में घायल को सुरक्षित तरीके से उठाना या जलने की स्थिति में प्राथमिक उपचार—इन विषयों पर सरल और विश्वसनीय वीडियो लोगों की जान बचा सकते हैं।
स्नेक बाइट प्रबंधन
प्रशिक्षण के दौरान मॉक ड्रिल और लाइव डेमो के माध्यम से प्रतिभागियों को वास्तविक परिस्थितियों का अभ्यास कराया गया। विशेषज्ञों ने स्नेक बाइट प्रबंधन और आपातकालीन प्रतिक्रिया की बारीकियां समझाईं। समापन पर स्वयंसेवकों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया और भविष्य में नियमित जागरूकता रील्स के जरिए समाज में सुरक्षा संदेश फैलाने का संकल्प लिया।


