प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मिलेगा प्रोफेशनल प्रशिक्षण और आगे बढ़ने का मंच
Bokaro: ज़िले के उभरते युवा फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। बोकारो स्टील प्लांट की ओर से संचालित सेल फुटबॉल अकादमी (SFA), बोकारो में सत्र 2026-27 के लिए चयन ट्रायल का आयोजन किया जा रहा है। इस ट्रायल का उद्देश्य जिले और आसपास के क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराना है।

चयन ट्रायल 2 मई से 3 मई 2026 तक एमकेएम स्टेडियम, सेक्टर-4, बोकारो में आयोजित होगा। इसमें भाग लेने वाले खिलाड़ियों को सुबह 7 बजे तक रिपोर्ट करना होगा। अकादमी प्रबंधन के अनुसार, यह ट्रायल पूरी तरह निशुल्क होगा और किसी भी स्तर पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
इन खिलाड़ियों को मिलेगा मौका
ट्रायल में वही अभ्यर्थी हिस्सा ले सकेंगे जिनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 2010 से 31 दिसंबर 2011 के बीच हो। साथ ही आउटफील्ड खिलाड़ियों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 5 फीट 7 इंच और गोलकीपर के लिए 5 फीट 10 इंच निर्धारित की गई है। चिकित्सीय मानकों के तहत कम से कम 28 दांत होना अनिवार्य रखा गया है।

दस्तावेज साथ लाना जरूरी
अभ्यर्थियों को अपने साथ नगरपालिका द्वारा जारी मूल जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। बिना जरूरी दस्तावेजों के प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं
सेल फुटबॉल अकादमी, बोकारो को All India Football Federation द्वारा “स्टार” रेटिंग प्राप्त है। यह Asian Football Confederation के ग्रासरूट कार्यक्रम का भी केंद्र है। यहां खिलाड़ियों को वैज्ञानिक प्रशिक्षण, नियमित चिकित्सीय जांच और शैक्षणिक सहयोग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
अकादमी प्रबंधन ने योग्य खिलाड़ियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है, ताकि वे अपने फुटबॉल करियर को नई दिशा दे सकें।

