Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) शहरवासियों के लिए एक नई और आकर्षक पहल करने जा रहा है। बीएसएल की ओर से 22 मार्च 2026 (रविवार) को सेक्टर-4 स्थित गांधी चौक से बोकारो मॉल जाने वाली मुख्य सड़क पर एक दिवसीय “फूड स्ट्रीट” का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से शहर के लोगों को स्वाद, संस्कृति और मनोरंजन का अनूठा अनुभव मिलेगा।

पहली बार आयोजित
कार्यक्रम की तैयारियां बीएसएल द्वारा शुरू कर दी गई हैं। इस विशेष आयोजन का औपचारिक शुभारंभ 22 मार्च की शाम लगभग 5 बजे किया जाएगा। बीएसएल द्वारा पहली बार आयोजित किए जा रहे इस आयोजन को शहर के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन को और अधिक जीवंत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
फूड स्टॉल लगाए
फूड स्ट्रीट में विभिन्न प्रकार के आकर्षक फूड स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां लोगों को स्थानीय व्यंजनों के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों के लोकप्रिय पकवानों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा। खासतौर पर झारखंड के पारंपरिक व्यंजनों के साथ भारत के अलग-अलग हिस्सों की खान-पान संस्कृति को एक ही स्थान पर प्रस्तुत किया जाएगा।

मिनी भारत
उल्लेखनीय है कि बोकारो स्टील सिटी को अक्सर “मिनी भारत” कहा जाता है। यहां देश के विभिन्न राज्यों से आए लोग अपनी-अपनी सांस्कृतिक परंपराओं के साथ रहते हुए विश्वस्तरीय इस्पात का उत्पादन कर रहे हैं और राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं। इसी विविधता और सांस्कृतिक समन्वय की भावना को ध्यान में रखते हुए फूड स्ट्रीट का आयोजन किया जा रहा है।
प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर
यह आयोजन न केवल खाने-पीने के शौकीनों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि स्थानीय उद्यमियों और खाद्य विक्रेताओं को भी अपने उत्पादों और प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर देगा। इसके साथ ही युवाओं और बच्चों के लिए भी यह संध्या मनोरंजन और उत्साह से भरपूर होगी।
आयोजकों को उम्मीद है कि शहरवासियों की सक्रिय भागीदारी से बोकारो की यह शाम यादगार बन जाएगी। आकर्षक फूड स्टॉल, लजीज व्यंजन और उत्सव जैसा माहौल लोगों को एक अलग ही अनुभव देगा।

