Bokaro: भाजपा बोकारो जिला की ओर से चास में केंद्रीय बजट को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ (Sanjay Seth) ने बजट की सराहना करते हुए इसे कर्तव्य और दृढ़ संकल्प का बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल वायदों तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की जनता के प्रति सरकार के हर दायित्व को निभाने की स्पष्ट प्रतिबद्धता दर्शाता है। हर वर्ग, हर क्षेत्र और हर नागरिक को सशक्त बनाने का इसमें ठोस विजन झलकता है।
विरासत और विकास
संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत और विकास’ के मंत्र की झलक इस बजट में साफ दिखती है। विनिर्माण, बुनियादी ढांचा, स्वास्थ्य, पर्यटन, ग्रामीण विकास, एआई, खेल और तीर्थ क्षेत्रों तक संतुलित विकास का खाका प्रस्तुत किया गया है, जिससे युवाओं, महिलाओं और किसानों के सपनों को नई दिशा मिलेगी।
रोजगार और कौशल विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण
उन्होंने रक्षा बजट को 7.85 लाख करोड़ रुपये किए जाने पर प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इससे आत्मनिर्भर रक्षा क्षेत्र को बल मिलेगा और सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास होगा। खेलो इंडिया मिशन को भी रोजगार और कौशल विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक बिरंची नारायण, जिलाध्यक्ष जयदेव राय, जिला महामंत्री संजय त्यागी सहित अन्य उपस्थित थे।


