Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) के क्रिकेट स्टेडियम में इंटर-स्टील प्लांट क्रिकेट चैंपियनशिप 2025-26 का शुभारंभ मंगलवार को हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी सह कार्यकारी अधिशासी निदेशक (वित्त एवं लेखा) एस. के. भारद्वाज ने किया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (नगर सेवाएं) कुंदन कुमार, महाप्रबंधक (संपर्क एवं प्रशासन) सी. आर. के. सुधांशु, महाप्रबंधक (सीईडी) ए. के. अविनाश समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।
प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए एस. के. भारद्वाज ने कहा कि खेल स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं, जो व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ कार्यस्थल पर भी सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। उन्होंने कहा कि इंटर-स्टील प्लांट क्रिकेट चैंपियनशिप कर्मचारियों के बीच टीम भावना, आपसी सहयोग और एकता को मजबूत करने का प्रभावी मंच है।
नौ टीमें हिस्सा ले रही हैं
इस चैंपियनशिप में कुल नौ टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें तीन समूहों में बांटा गया है। समूह-ए में आरआईएनएल विशाखापत्तनम, टाटा स्टील और राउरकेला स्टील प्लांट, समूह-बी में सलेम स्टील प्लांट, जेएसडब्ल्यू बेल्लारी और भिलाई स्टील प्लांट तथा समूह-सी में इस्को स्टील प्लांट, दुर्गापुर स्टील प्लांट और बोकारो स्टील प्लांट की टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता 14 फरवरी 2026 तक चलेगी।

स्टील प्लांटों के बीच खेल भावना को बढ़ावा देना
पहले दिन खेले गए मुकाबलों में राउरकेला स्टील प्लांट ने टाटा स्टील को छह विकेट से, जेएसडब्ल्यू बेल्लारी ने भिलाई स्टील प्लांट को आठ विकेट से हराया। वहीं बोकारो स्टील प्लांट ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दुर्गापुर स्टील प्लांट को 35 रनों से पराजित किया। आयोजन का उद्देश्य विभिन्न स्टील प्लांटों के बीच खेल भावना को बढ़ावा देना और आपसी समन्वय को सशक्त करना है।

