बोकारो के एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में बुधवार को आदरणीय दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन की स्मृति में तीन दिवसीय 13वीं झारखंड राज्य सब-जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ गरिमामय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक सह मुख्य सचेतक एवं झारखंड कबड्डी एसोसिएशन के संरक्षक मथुरा प्रसाद महतो ने किया। इस मौके पर उपायुक्त अजय नाथ झा, डीडीसी शताब्दी मजूमदार सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कबड्डी सिखाती है संघर्ष और आत्मविश्वास
मुख्य अतिथि मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि कबड्डी महंगे संसाधनों का नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति, अनुशासन और आत्मविश्वास का खेल है। उन्होंने कहा कि खेल जीवन के हर क्षेत्र में संघर्ष और संयम का संदेश देता है।
प्रशासन का लक्ष्य – खेलों को नई ऊंचाई
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि जिला प्रशासन खेलों के प्रोत्साहन के लिए हर वर्ष 3 राष्ट्रीय और 5 राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन की योजना बना रहा है। उन्होंने बताया कि सभी खेलों के लिए वार्षिक कैलेंडर तैयार किया जा रहा है ताकि खिलाड़ियों को बड़े मंच तक पहुँचने का अवसर मिले।
43 टीमें कर रहीं मुकाबला
प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से 21 महिला और 22 पुरुष टीमें शामिल हुईं। खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक अपने जिलों का प्रतिनिधित्व किया। उपायुक्त ने कहा कि खेलों में महिलाओं की भागीदारी समाज के सशक्तिकरण का प्रतीक है। प्रशासन महिलाओं को खेल के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

