Bokaro: आगामी नगर निकाय चुनाव 2026 में जीत सुनिश्चित करने को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को चास नगर स्थित पार्टी कार्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन की मजबूती और बूथ कमेटियों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए झामुमो बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कहा कि चास नगर निगम (Chas Nagar Nigam) चुनाव पार्टी के लिए प्रतिष्ठा का विषय हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि झामुमो शहरी क्षेत्रों में भी अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने प्रत्येक बूथ कमेटी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क कर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
मंटू यादव ने कहा कि झामुमो (JMM) अब केवल ग्रामीण क्षेत्रों की पार्टी नहीं रही, बल्कि शहरी मतदाताओं का भी भरोसा पार्टी पर लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘बूथ जीतो, चुनाव जीतो’ के मंत्र के साथ सक्रिय रहने का आह्वान किया। चास अध्यक्ष प्रमोद तापड़िया ने कहा कि चास नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में पार्टी पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी और महापौर पद पर भी झामुमो की जीत सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी की जीत के लिए दिन-रात मेहनत करने का संकल्प लिया।


