Bokaro: बोकारो-चास में नगर निकाय चुनाव (Municipal Election) को लेकर जेएमएम महिला मोर्चा (JMM Women Wing) का एकदिवसीय सम्मेलन आयोजित हुआ। झामुमो विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने महिला शक्ति को जीत की कुंजी बताते हुए चास नगर निगम के सभी 35 वार्ड और मेयर सीट पर जीत का लक्ष्य रखा। नगर निकाय चुनाव में महिला शक्ति को जीत की सबसे बड़ी कड़ी बताते हुए विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि आगामी चुनाव में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) को निर्णायक बढ़त मिलेगी।
झारखंड मुक्ति मोर्चा बोकारो महानगर महिला मोर्चा की ओर से तेलगड़िया मोड़ स्थित आर.के. फार्म में एकदिवसीय सम्मेलन सह कार्यकर्ता मिलन समारोह आयोजित किया गया। महिला मोर्चा अध्यक्ष फिरदौस नूरी के नेतृत्व में हुए इस सम्मेलन में चास नगर निगम क्षेत्र की सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। विधायक महतो ने महिला कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे वार्ड और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें और घर-घर जाकर महिलाओं को जोड़ें।
जिला अध्यक्ष रतनलाल मांझी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) के नेतृत्व में चलाई जा रही मैया सम्मान योजना और 200 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी योजनाएं आम जनता के लिए वरदान साबित हुई हैं। इन योजनाओं को चुनाव में प्रमुख मुद्दा बनाकर जनता तक पहुंचाना होगा। वहीं महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने शहरी क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।

नगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कहा कि महिला सशक्तिकरण हेमंत सरकार की प्राथमिकता है और आगामी नगर निकाय चुनाव में महिला कार्यकर्ता वार्ड पार्षद से लेकर मेयर तक जेएमएम समर्थित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करेंगी। सम्मेलन में चास-बोकारो के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

