Bokaro : बोकारो में रामनवमी को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बुधवार को उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर विधि-व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान प्रमुख चौक-चौराहों, जुलूस मार्गों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया गया।

कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
उपायुक्त ने बताया कि पूरे शहर की निगरानी मुख्य कंट्रोल रूम से की जाएगी। सेक्टर-1 राम मंदिर, भर्रा बस्ती, चास नगर निगम क्षेत्र, आईटीआई मोड़, सिवनडीह और ऋतुडीह समेत कई इलाकों में प्रशासन ने विशेष चौकसी बढ़ा दी है।
अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती
DC ने लोगों से अपील की कि वे ज्यादा से ज्यादा पूजा-पाठ में ध्यान दें और अफवाहों से दूर रहें। सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

ड्रोन और CCTV से निगरानी
SP हरविंदर सिंह ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों और जुलूस मार्गों पर ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। साथ ही पुलिस मित्रों की भी तैनाती की गई है, जो आम लोगों के बीच रहकर सहयोग करेंगे।
शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
प्रशासन ने सभी पूजा समितियों और अखाड़ा समितियों से संवाद कर शांतिपूर्ण ढंग से शोभायात्रा निकालने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि आमजन को सुरक्षित वातावरण देना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।

