Bokaro: शिक्षा विभाग, बोकारो द्वारा 25-26 अगस्त को आयोजित जिला स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता 2025 में खेलो इंडिया सेंटर बोकारो के खिलाड़ियों ने +2 उच्च विद्यालय, चंदनकियारी का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार सफलता हासिल की। खिलाड़ियों ने कुल आठ पदक (चार स्वर्ण एवं चार रजत) जीतकर जिले का मान बढ़ाया।
विभिन्न इवेंट्स में दिखी बोकारो की प्रतिभा
प्रतियोगिता में कंपाउंड गर्ल्स इवेंट में कुमकुम कुमारी ने स्वर्ण और मनीष कुमारी ने रजत पदक जीता। कंपाउंड बॉयज में विष्णु बाउरी ने स्वर्ण पर कब्जा किया। रिकर्व गर्ल्स इवेंट में साक्षी कुमारी ने स्वर्ण और अमृता कुमारी ने रजत पदक जीता। वहीं रिकर्व बॉयज में सूरज कुमार तिवारी ने स्वर्ण और सागर कुमार महतो ने रजत पदक अपने नाम किया। इंडियन राउंड बॉयज इवेंट में अमित बाउरी ने रजत पदक जीतकर बोकारो का परचम लहराया।

जिले में बढ़ा उत्साह और खेलों के प्रति रुझान
इन उपलब्धियों ने बोकारो को खेलों की नई पहचान दी है। खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और बेहतर मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इन पदकों की गूंज पूरे जिले में सुनाई दे रही है, जिससे खेल प्रेमियों और अभिभावकों में उत्साह और गर्व का माहौल है।
प्रशिक्षकों और मार्गदर्शन को दिया श्रेय
खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय प्रशिक्षकों और खेलो इंडिया सेंटर बोकारो के मार्गदर्शन को दिया। जिला खेल पदाधिकारी श्रीमती हेमलता बुन ने मंगलवार शाम जानकारी देते हुए कहा कि यह उपलब्धि बोकारो की खेल संस्कृति को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगी।
