Bokaro: चास नगर निगम की पहली बोर्ड बैठक बुधवार को महापौर भोलू पासवान की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और बुनियादी समस्याओं के समाधान पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान उपमहापौर पूजा कुमारी, अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार, सहायक नगर आयुक्त स्मिता किरण समेत सभी पार्षद और अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया गया। निर्णय लिया गया कि सफाईकर्मियों को संबंधित वार्ड पार्षदों के अधीन रखा जाएगा, ताकि निगरानी और जवाबदेही बढ़ सके। खराब प्रदर्शन के चलते सफाई एजेंसी एम/एस चास इनवायरो लिमिटेड को ब्लैकलिस्ट करने का फैसला भी लिया गया।
जलापूर्ति की समस्या पर भी गंभीर मंथन हुआ। फेज-वन क्षेत्र में गंदे पानी की शिकायतों के समाधान के लिए तकनीकी और प्रशासनिक कदम उठाने पर सहमति बनी। जूडको और जुस्को को 10 दिनों के भीतर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

शहर में स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट की मरम्मत व नई स्थापना को तेज करने के निर्देश दिए गए। वहीं, संकरी गलियों की सफाई के लिए ठेला खरीदने का प्रस्ताव भी रखा गया। बैठक के अंत में पार्षदों को पौधा भेंट कर हरित चास का संदेश दिया गया। नगर निगम ने नागरिकों से स्वच्छता और जल संरक्षण में सहयोग की अपील की है।

