Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के मानव संसाधन के ज्ञानार्जन एवं विकास केंद्र में शनिवार को राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन रहे। इस अवसर पर अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनुप कुमार दत्त सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

दीप प्रज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
सुरक्षा अभियंत्रण विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर की। इस दौरान संयंत्र के उन विभागों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने सुरक्षा, हाउसकीपिंग और परिक्षेत्रीय विकास (टेरिटरी अप-कीप) के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है।
विभिन्न विभागों को मिले पुरस्कार
सुरक्षा और हाउसकीपिंग श्रेणी के अंतर्गत ग्रुप-1 में आरएमएचपी को विजेता और कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग (CO&CC) को उप-विजेता का पुरस्कार मिला। ग्रुप-2 में एसएमएस-2 और सीसीएस ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि एसएमएस-न्यू द्वितीय रहा।
ग्रुप-3 में सीआरएम-3 विजेता तथा हॉट स्ट्रिप मिल (एचएसएम) उप-विजेता घोषित किया गया। ग्रुप-4 में जल प्रबंधन विभाग (डब्ल्यूएमडी) ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि ट्रैफिक विभाग उप-विजेता रहा। वहीं ग्रुप-5 में आरईडी और ग्रुप-6 में आरसीएल ने प्रथम स्थान हासिल किया।

टेरिटरी अप-कीप में भी मिला सम्मान
परिक्षेत्रीय विकास (टेरिटरी अप-कीप) के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सिंटर प्लांट, ब्लास्ट फर्नेस, टीबीएस और आरएमपी विभाग को सम्मानित किया गया। इसके अलावा सी एंड आई टी, मानव संसाधन का ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग, नगर प्रशासन तथा जनसंपर्क विभाग को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए पुरस्कृत किया गया।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान आयोजित क्विज प्रतियोगिता में वरीय प्रबंधक (आई एंड ए) पुष्पवंत कुमार ने प्रथम, उप महाप्रबंधक (ईसीएस) नितेश रंजन ने द्वितीय और वरीय प्रबंधक (CO&CC) उत्सव कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में वरीय प्रबंधक आभा कुमारी ने पहला स्थान हासिल किया। इसके अलावा पोस्टर प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को भी सुरक्षा का संदेश देने के लिए सम्मानित किया गया।
सुरक्षा और स्वच्छता से बढ़ती है उत्पादकता
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन और कार्यस्थल की बेहतर हाउसकीपिंग न केवल दुर्घटनाओं की संभावना को कम करती है, बल्कि इससे संयंत्र की उत्पादकता बढ़ती है और कर्मचारियों का मनोबल भी ऊंचा रहता है। कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने किया।

