Bokaro : रामनवमी के अवसर पर निकली शोभायात्रा के दौरान खेतको गांव में बड़ा हादसा होते-होते बच गया। अखाड़ा मिलन के दौरान महाबीरी पताका अचानक हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

पताका से फैला करंट, लोग झुलसे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जुलूस में ले जाई जा रही पताका ऊंची होने के कारण ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से टकरा गई। इसके संपर्क में आते ही करंट फैल गया और आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।
5 घायल, एक की हालत गंभीर
इस घटना में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को बोकारो थर्मल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

डीसी बोले- क्षेत्र की बिजली थी कटी
उपायुक्त अजय नाथ झा ने बताया कि जिस क्षेत्र में घटना हुई, वहां की बिजली आपूर्ति पहले से बंद थी। कैसे पताका बिजली के चपेट में आ गई इसकी जाँच हो रही है। उन्होंने कहा कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया है और सभी की स्थिति फिलहाल स्थिर है।
पहले से तय थी पताका की ऊंचाई की सीमा
जिला प्रशासन ने इस बार रामनवमी के जुलूस में पताका की ऊंचाई को लेकर मानक तय किए थे और सभी अखाड़ों को इसका पालन करने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, जिलेभर में रामनवमी का पर्व शांतिपूर्ण और उल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

