Bokaro: जिले में दुर्गा पूजा महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के लिए उपायुक्त श्री अजय नाथ झा की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, एसी मो. मुमताज अंसारी, एसडीओ चास प्रांजल ढांडा और एसडीओ बेरमो मुकेश मछुआ उपस्थित रहे। बैठक में पंडाल प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, महिला एवं बच्चों की सुविधा, स्वच्छता और विसर्जन की पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था पर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।
पूजा पंडाल के लिए निर्धारित मानक
पंडाल परिसर में सूचना केंद्र/डेस्क, विशेष सफाई दल, कूड़ा दान और अपशिष्ट प्रबंधन की स्पष्ट व्यवस्था अनिवार्य होगी। सजावट में केवल इको-फ्रेंडली और बायोडिग्रेडेबल सामग्री का प्रयोग किया जाएगा, जबकि प्लास्टिक का प्रयोग पूरी तरह निषेध रहेगा। सुरक्षा के लिए फायर सेफ्टी उपकरण, सीसीटीवी कैमरा और कंट्रोल रूम की व्यवस्था आवश्यक है। प्रवेश और निकास मार्ग पर पर्याप्त रोशनी और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम किए जाएंगे।

महिला, बच्चों और सार्वजनिक सुविधाएं
महिला और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु महिला पुलिस बल, महिला हेल्प डेस्क, सुरक्षित क्षेत्र, वॉलंटियर्स और मेडिकल सहायता केंद्र की व्यवस्था की जाएगी। सार्वजनिक सुविधाओं में पीने का पानी, शौचालय, प्रसाद वितरण केंद्र और श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था शामिल हैं।
प्रतिमा विसर्जन हेतु मानक
विसर्जन केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित घाटों पर ही किया जा सकेगा। मूर्तियां मिट्टी से बनी और प्राकृतिक रंगों से सजी होंगी। घाटों पर पर्याप्त रोशनी, पुलिस और वॉलंटियर्स की मौजूदगी सुनिश्चित होगी। विसर्जन के बाद घाट की स्वच्छता और अपशिष्ट का वैज्ञानिक निस्तारण अनिवार्य होगा।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने सभी पूजा समितियों से अनुरोध किया है कि वे सुरक्षा, स्वच्छता और पर्यावरण मित्रता के निर्देशों का पालन करें और दुर्गा पूजा को एक सुरक्षित एवं खुशहाल महोत्सव बनाने में प्रशासन का सहयोग दें।
