Bokaro: सेक्टर-4 स्थित मजदूर मैदान में आयोजित “सखी महोत्सव 2026” का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेन्द्र प्रसाद ने कार्यक्रम में शामिल होकर महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों का अवलोकन किया और उनकी मेहनत की सराहना की। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया और स्वयं भी उत्पादों की खरीदारी कर महिलाओं का उत्साह बढ़ाया।

मंत्री ने कहा कि सरकारी संस्थानों में महिला समूहों से ही खरीदारी को बढ़ावा दिया जाए, ताकि उनकी आय बढ़े और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत हो। उन्होंने उपायुक्त अजय नाथ झा को निर्देश दिया कि इस महोत्सव को अगले वर्ष भी जारी रखा जाए।
विधायक श्वेता सिंह ने कहा कि सखी महोत्सव महिलाओं की प्रतिभा, मेहनत और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का सशक्त माध्यम हैं।

महोत्सव में फैशन शो मुख्य आकर्षण रहा, जहां महिलाओं ने पारंपरिक व आधुनिक परिधानों में रैंप वॉक कर सबका मन मोह लिया। हस्तशिल्प, खाद्य उत्पाद और स्थानीय कला की झलक ने कार्यक्रम को खास बना दिया। बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर “वोकल फॉर लोकल” को समर्थन दिया।

