Bokaro: गोपनीय कार्यालय कक्ष में गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने चंदनकियारी प्रखंड में निर्माणाधीन प्रस्तावित लाइब्रेरी की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय वर्मा को स्पष्ट निर्देश दिया कि लाइब्रेरी भवन के शेष बचे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि इसे आमजनों और विद्यार्थियों के उपयोग के लिए जल्द उपलब्ध कराया जा सके।

उपायुक्त ने कहा कि हाल ही में उन्होंने स्वयं निर्माण स्थल का निरीक्षण किया था और कार्य में तेजी लाने पर बल दिया था। उन्होंने दोहराया कि यह लाइब्रेरी क्षेत्र के छात्रों के लिए ज्ञान का सशक्त केंद्र बनेगी, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में शहरी क्षेत्रों में भी अध्ययन संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। डीसी ने चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड स्तर पर ‘मोहल्ला लाइब्रेरी’ स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा और जिला शिक्षा अधीक्षक डॉ. अतुल कुमार चौबे को विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रतिवेदन समर्पित करने को कहा गया।


