Bokaro: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को चंदनकियारी स्थित डे-बोर्डिंग आर्चरी सेंटर स्टेडियम में जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत (MY Bharat) और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के सहयोग से ASMITA लीग के तहत आयोजित हुई। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आई 300 से अधिक बालिकाओं और महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

डीडीसी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त बोकारो शताब्दी मजूमदार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ चंदनकियारी के प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय तथा जिला युवा अधिकारी गौरव कुमार भी मौजूद थे। प्रतियोगिता के समापन पर अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खेल से बढ़ती है नेतृत्व क्षमता
इस अवसर पर अपने संबोधन में उप विकास आयुक्त श्रीमती शताब्दी मजूमदार ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के विकास के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बालिकाओं को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। वहीं जिला युवा अधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि ASMITA पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक बालिकाओं और महिलाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना तथा उनमें स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

दौड़ प्रतियोगिताएं
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु वर्गों में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ आयोजित की गई। 100 मीटर अंडर-13 वर्ग में शीतल कुमारी प्रथम, परी महतो द्वितीय और अनुरूपा महतो तृतीय स्थान पर रहीं। 13 से 18 वर्ष वर्ग में सुजाता कुमारी ने पहला, अंजू कुमारी ने दूसरा और रीना महतो ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में पपिया कुमारी प्रथम, सुषमा मुंडा द्वितीय और अष्टमी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।

200 मीटर दौड़ में अंडर-13 वर्ग में परी महतो ने पहला, शीतल कुमारी ने दूसरा और रिया कुमारी ने तीसरा स्थान हासिल किया। 13–18 वर्ष वर्ग में सुजाता कुमारी प्रथम और रीना महतो द्वितीय रहीं, जबकि 18 वर्ष से अधिक वर्ग में पपिया कुमारी प्रथम, अष्टमी कुमारी द्वितीय और हीना राय तृतीय स्थान पर रहीं।
400 मीटर दौड़ के अंडर-13 वर्ग में रिया कुमारी प्रथम, सप्तमी कुमारी द्वितीय और तान्या कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। 13–18 वर्ष वर्ग में बास्की कुमारी ने पहला, नीलम महतो ने दूसरा और राजश्री कुमारी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं 18 वर्ष से अधिक वर्ग में अष्टमी कुमारी प्रथम, राखी कुमारी द्वितीय और लक्ष्मी बाउरी तृतीय स्थान पर रहीं।

अहम भूमिका
प्रतियोगिता के सफल संचालन में तकनीकी अधिकारियों के रूप में बिश्वनाथ महतो, आयुष कुमार, बोलबम कुमार, आर्यन राज, बिश्वनाथ गोप, प्रदीप सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए खेलों के माध्यम से स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। यह आयोजन जिले की बालिकाओं और महिलाओं के लिए प्रेरणादायी साबित हुआ।

