Bokaro: झारखंड में नगरपालिका चुनाव की घोषणा के साथ ही चास नगर निगम क्षेत्र में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इस बार चुनावी माहौल का केंद्र सोशल मीडिया बनता दिख रहा है, जहां महापौर पद समेत विभिन्न पदों के दावेदार लगातार वीडियो, पोस्ट और संदेशों के जरिए मतदाताओं तक पहुंच रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चुनावी खर्च की सीमा तय किए जाने के बाद उम्मीदवारों के लिए सोशल मीडिया सबसे आसान और सस्ता माध्यम बनकर उभरा है। मतदान में अब महज 23 दिन शेष हैं।

सोशल मीडिया पर सामने आ रहे नए-नए चेहरे
चास नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई है। पिछली बार हुए चुनाव में महापौर पद के लिए 42 प्रत्याशी मैदान में थे। इस बार सोशल मीडिया पर सामने आ रहे नए-नए चेहरों को देखते हुए यह संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। कई संभावित उम्मीदवारों ने औपचारिक घोषणा से पहले ही डिजिटल मंचों पर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। पिछले दो दिनों में 36 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदें है। See Video-
झलक ऑनलाइन साझा कर रहे हैं
उम्मीदवार फेसबुक, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम और यूट्यूब के माध्यम से मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचा रहे हैं। पूर्व महापौर भोलू पासवान सोशल मीडिया पर खासे सक्रिय हैं और नियमित रूप से डोर-टू-डोर जनसंपर्क और जनसभाओं के वीडियो साझा कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “सोशल मीडिया ने जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का अवसर दिया है। लोग हमारे काम और सोच को सीधे देख पा रहे हैं।” वहीं पहली बार चुनावी मैदान में उतरे डॉ विकास पांडेय भी अपने जनसंपर्क कार्यक्रमों और बैठकों की झलक ऑनलाइन साझा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, “चास की बुनियादी समस्याओं को लेकर जनता के बीच जाना मेरी प्राथमिकता है।”

मोबाइल पर सब दिख जाता है
अन्य दावेदारों में पिछले निगम चुनाव में दूसरे पोजीशन में रहे गोपाल मुरारका, गजेंद्र प्रसाद हिमांशु, जमील अख्तर और निमाई महतो जैसे नाम भी सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। मतदाता भी इस बदलाव को सकारात्मक मान रहे हैं। वार्ड-2 के निवासी राजेश कुमार कहते हैं, “अब उम्मीदवारों को जानने के लिए रैली में जाने की जरूरत नहीं, मोबाइल पर सब दिख जाता है।” वहीं, गृहिणी सुनीता देवी का कहना है, “हम कमेंट कर के सवाल भी पूछ सकते हैं और जवाब भी पा सकते हैं।”
आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है। चास नगर निगम क्षेत्र में 23 फरवरी को मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 फरवरी को होगी। कुल 35 वार्डों वाले नगर निगम में 1.62 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

