Bokaro: राज्य सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने प्रस्तावित नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के मद्देनज़र महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना के तहत नगर निगम चास और नगर परिषद फुसरो क्षेत्र में मतदान की तिथि निर्धारित कर दी गई है।

जारी सूचना के अनुसार, राज्य निर्वाचन आयोग, झारखण्ड, राँची के पत्रांक-238 दिनांक 30 जनवरी 2026 के आलोक में दोनों नगर निकाय क्षेत्रों में 23 फरवरी 2026 (सोमवार) को मतदान कराया जाएगा। चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
सरकार ने मतदान के दिन को लेकर विशेष प्रावधान भी किया है। निगोशिएबल इन्स्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 की धारा-25 के तहत 23 फरवरी को नगर निगम चास एवं नगर परिषद फुसरो क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस निर्णय का उद्देश्य मतदाताओं को अपने मताधिकार का स्वतंत्र और निर्बाध उपयोग सुनिश्चित करना है।

निर्धारित तिथि को संबंधित क्षेत्रों में स्थित सभी सरकारी कार्यालय एवं सार्वजनिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य कार्यालयों में कामकाज स्थगित रहेगा, ताकि कर्मचारी और आम नागरिक मतदान में भाग ले सकें।
जिला प्रशासन ने मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि अधिकाधिक मतदान से ही लोकतंत्र मजबूत होगा।
इस संबंध में सोमवार को उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) मो. शफ़ीक आलम ने जानकारी देते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जा रही हैं।

