Bokaro: माननीय उच्च न्यायालय के मामलों से संबंधित की समीक्षा एवं उनके त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से संबंधित उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें कोर्ट के मामलों से जानकारी दी गई। कार्यशाला में बोकारो जिला अंतर्गत सभी विभागों के प्रधान सहायक एवं कंप्यूटर ऑपरेटर को प्रशिक्षित किया गया।
कार्यशाला के दौरान जिला विधि प्रकोष्ठ द्वारा अधिकारियों को केस ट्रैकिंग प्रणाली, समय सीमा प्रबंधन एवं प्रभावी विधिक प्रतिवेदन तैयार करने संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यशाला में उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि कोर्ट मामलों से संबंधित अद्यतन प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराएं, ताकि जिला स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।
कोर्ट मामलों के समाधान में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी-
उपायुक्त अजय नाथ झा ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कोर्ट मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण प्रतिवेदन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक विभाग अपने-अपने स्तर पर लंबित प्रकरणों की समय सीमा के भीतर जवाब दायर करना सुनिश्चित करें तथा अनावश्यक विलंब से बचें। उन्होंने कहा कि कोर्ट मामलों के समाधान में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए विभागीय नोडल पदाधिकारियों को अद्यतित जानकारी रखने, नियमित रूप से केस मॉनिटरिंग करने तथा अधिवक्ताओं के साथ समन्वय बनाए रखने को भी कहा गया।

कार्यशाला के दौरान उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा, प्रभारी पदाधिकारी विधि शाखा शालिनी खलको, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा पियूष, कार्यपालक दंडाधिकारी चास सत्यबला सिन्हा, हाईकोर्ट के वकील मो शहवाज सहित जिला स्तर के विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित थे।

