Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) में लीन मैन्युफैक्चरिंग कार्यशाला के जरिए कर्मियों की दक्षता बढ़ाने पर जोर दिया गया। वहीं, स्टील मेल्टिंग शॉप-II ने मार्च 2026 में रिकॉर्ड उत्पादन दर्ज किया। कोक ओवन एवं कोल केमिकल्स विभाग ने भी 321 करोड़ की ऐतिहासिक बिक्री हासिल कर संयंत्र की उत्पादकता और आर्थिक मजबूती को नई दिशा दी।

लीन मैन्युफैक्चरिंग
बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) में कार्यकुशलता और उत्पादन क्षमता को नई ऊंचाई देने की दिशा में अहम पहल की गई। बिजनेस एक्सीलेंस विभाग द्वारा कोक ओवन एवं कोल केमिकल्स (CO&CC) के एचआरडी हॉल में ‘लीन मैन्युफैक्चरिंग एवं 5एस/क्यूसी जागरूकता’ विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें कोक ओवन, आरएमएचपी, ब्लास्ट फर्नेस और स्टील मेल्टिंग शॉप सहित विभिन्न विभागों के करीब 35 कर्मियों ने भाग लिया।
उत्पादन में बना नया इतिहास:
दूसरी ओर, स्टील मेल्टिंग शॉप-II एवं सीसीएस विभाग ने मार्च 2026 में 3,45,608 टन क्रूड स्टील उत्पादन कर नया रिकॉर्ड कायम किया। यह निर्धारित लक्ष्य से अधिक है और अब तक का सर्वश्रेष्ठ मासिक प्रदर्शन माना जा रहा है।

राजस्व में भी छलांग:
कोक ओवन एवं कोल केमिकल्स विभाग ने वित्त वर्ष 2025-26 में 321 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की। साथ ही 1.02 लाख टन से अधिक प्रेषण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। इन उपलब्धियों से संयंत्र की आर्थिक मजबूती और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बड़ा बल मिला है।

