Bokaro: झारखंड राज्य संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा–2023 के माध्यम से चयनित नव नियुक्त पदाधिकारियों के संयुक्त आधारभूत प्रशिक्षण के क्रम में शनिवार को बोकारो जिला परिभ्रमण के दौरान समाहरणालय सभागार में इंटरेक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा ने नव नियुक्त पदाधिकारियों से संवाद करते हुए प्रशासनिक सेवा के मूल्यों, दायित्वों और जिम्मेदारियों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
अधिकारी का पद सेवा और जिम्मेदारी का प्रतीक
उपायुक्त ने कहा कि अधिकारी होने के नाते अधिकार अवश्य मिलते हैं, लेकिन पद का वास्तविक अर्थ सेवा और जिम्मेदारी से जुड़ा होता है। उन्होंने कहा कि उड़ान कितनी भी ऊंची हो, जमीन पांव पर रहनी चाहिए। पद और सफलता के साथ विनम्रता, संवेदनशीलता और आम नागरिकों के प्रति उत्तरदायित्व बनाए रखना बेहद जरूरी है। जनता के विश्वास पर खरा उतरना ही एक अधिकारी की सबसे बड़ी पहचान है।
प्रशिक्षण अवधि को बताया सीखने का सुनहरा अवसर
उपायुक्त ने प्रशिक्षण अवधि के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह समय सीखने और स्वयं को बेहतर बनाने का सर्वोत्तम अवसर है। प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही प्रत्येक जानकारी को ध्यानपूर्वक सुनना, समझना और आत्मसात करना चाहिए। जो जितनी गहराई से सीखेगा, उसका प्रशासनिक प्रदर्शन उतना ही प्रभावी होगा। उन्होंने नव नियुक्त अधिकारियों से कहा कि अपने ज्ञान के “ग्लास को खाली रखें”, ताकि नई सीख उसमें भर सके।

आचरण, अनुशासन और समयबद्धता पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि आचरण, अनुशासन और समयबद्धता एक सफल प्रशासनिक अधिकारी के मूल गुण हैं। नियम, कानून और संविधान आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए बने हैं, इसलिए सभी पदाधिकारियों को संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ कार्य करना चाहिए।
संवाद कार्यक्रम में अधिकारियों की सहभागिता
इंटरेक्शन के दौरान नव नियुक्त पदाधिकारियों ने उपायुक्त एवं अन्य वरीय अधिकारियों से प्रशिक्षण, फील्ड अनुभव और प्रशासनिक चुनौतियों को लेकर प्रश्न पूछे। कार्यक्रम में डीसीएलआर प्रभाष दत्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी द्वारिका बैठा, डीपीआरओ मो. सफीक आलम, डीपीआरओ रवि कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी बम बैजु, सिटी डीएसपी आलोक रंजन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि जिला परिभ्रमण के तहत दो टीमों ने बोकारो जिले का दौरा किया, जिसमें औद्योगिक इकाइयों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। कार्यक्रम के अंत में नव नियुक्त पदाधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

