Bokaro: आगामी चास नगर निगम (Chas Nagar Nigam) चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पूरी ताकत झोंकने का संकेत दे दिया है। मारवाड़ी पंचायत भवन, चास में बोकारो महानगर और चास नगर महिला मोर्चा की संयुक्त बैठक में चुनावी माहौल साफ तौर पर दिखाई दिया। बैठक में शामिल कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह नजर आया।

मुख्य अतिथि बोकारो जिला अध्यक्ष रतनलाल मांझी ने स्पष्ट कहा कि इस बार नगर निगम चुनाव में महिला मोर्चा पार्टी (JMM Women Wing) की सबसे बड़ी ताकत होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि वार्ड 1 से 35 तक और मेयर पद पर जीत की जिम्मेदारी महिला कार्यकर्ता मजबूती से निभाएंगी। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया।
बैठक में मंटू यादव ने हेमंत सोरेन सरकार की योजनाओं को चुनावी हथियार बताते हुए कहा कि ‘मइयां सम्मान योजना’ जैसी योजनाओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को लेकर घर-घर पहुंचने और हर बूथ पर कमेटी गठित करने का आह्वान किया।

बोकारो महानगर उपाध्यक्ष संजय केजरीवाल ने एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि पार्टी का प्रत्याशी चाहे जो हो, सभी को मिलकर उसे विजयी बनाना है। बैठक का संचालन महिला मोर्चा सचिव रेखा देवी ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में महिला नेत्रियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने चुनावी बिगुल फूंक दिया।


