Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के सीसीएस/एसएमएस-2 के मुख्य महाप्रबंधक डी. सक्सेना के साथ विभागीय कर्मचारियों एवं ठेकाकर्मियों की विभिन्न मांगों को लेकर जय झारखंड मजदूर समाज के महामंत्री बी.के. चौधरी के नेतृत्व में यूनियन प्रतिनिधिमंडल की वार्ता हुई। बैठक में मुख्य महाप्रबंधक ने जनवरी माह में हुए अप्रत्याशित उत्पादन के लिए सभी कर्मचारियों और ठेकाकर्मियों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की।
महामंत्री बी.के. चौधरी ने कहा कि कर्मचारियों व ठेकाकर्मियों की अथक मेहनत से एसएमएस और सीसीएस का उत्पादन शिखर पर पहुंचा है, इसलिए प्रबंधन को उनके हक और अधिकारों पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। उन्होंने मनीकट के विरोध में रोके गए क्रेन ऑपरेटरों व अन्य मजदूरों के गेट पास तत्काल बहाल करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि केवल सेफ्टी के नाम पर फोटो जारी करने से दुर्घटनाएं नहीं रुकेंगी। दुर्घटनाओं को शून्य करने के लिए ठेकाकर्मियों का मानसिक तनाव दूर करना आवश्यक है। अंत में मुख्य महाप्रबंधक ने रोके गए गेट पास बहाल करने तथा शॉप्स से जुड़ी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।


