Bokaro : भगवान महावीर के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर जैन समाज द्वारा जैन मिलन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भगवान महावीर के जीवन, आदर्शों और उपदेशों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान महावीर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। जैन समाज के बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, वहीं जैन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने भी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
जैन मिलन के सचिव आलोक जैन ने अपने संबोधन में भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य और अपरिग्रह के सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महावीर के विचार समाज के लिए और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।

कार्यक्रम में सुभाष जैन, विपुल मेहता, बिनोद चोपड़ा, रेणु चोरड़िया, ललिता चोपड़ा, नताशा जैन, सीमा जैन, शांतिलाल लोढ़ा, कमल कुमार जैन, अंकित जैन, चंदन बांठिया समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। मंच संचालन सुशील बैद ने किया।
इस मौके पर सदर अस्पताल के सहयोग से रक्तदान शिविर भी लगाया गया, जिसमें 10 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. मैथिली ठाकुर ने आयोजन के लिए जैन समाज का आभार जताया। अंत में स्वरूचि भोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

