Bokaro: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने झारखंड के कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इसके तहत बोकारो सहित राज्य के नौ जिलों के लिए शनिवार को ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है, जबकि अगले तीन दिनों के लिए ‘येलो अलर्ट’ लागू रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, बोकारो जिले में अगले दो दिनों तक अत्यंत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
यह स्थिति 22 दिसंबर तक बने रहने की आशंका
आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, बोकारो में सुबह के समय दृश्यता घटकर 50 मीटर से भी कम हो सकती है। यह स्थिति 22 दिसंबर तक बने रहने की आशंका जताई गई है। वहीं 23 दिसंबर तक येलो अलर्ट जारी रहेगा, जिसके दौरान हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है। रविवार को बोकारो के साथ-साथ रांची, धनबाद, रामगढ़, देवघर और अन्य जिलों में भी दृश्यता 50 से 200 मीटर के बीच रहने का अनुमान है।

सुबह के समय यात्रा करने वालों को
रांची मौसम केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड के निचले वायुमंडलीय स्तरों में दक्षिण-पूर्वी से पूर्वी हवाएं चल रही हैं, जिसके कारण उत्तर और मध्य झारखंड के कई हिस्सों में घना कोहरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। साथ ही, सुबह के समय यात्रा करने वालों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। कोहरे के कारण बोकारो में सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ सकता है। प्रशासन ने वाहन चालकों से कम गति में चलने और फॉग लाइट का प्रयोग करने की अपील की है।

