Bokaro: पूर्व पार्षद रामाशंकर सिंह के साथ कथित मारपीट मामले को बोकारो विधायक स्वेता सिंह द्वारा विधानसभा में उठाये जाने को लेकर गुरुवार को पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। पुलिस एसोसिएशन, पुलिस मेंस एसोसिएशन और चतुर्थवर्गीय कर्मचारी एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से प्रेस कांफ्रेंस कर अपना पक्ष रखा और बोकारो विधायक से अभद्र टिप्पणी वापस लेने की मांग की।

बोकारो विधायक के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन
पुलिस एसोसिएशन के उपाध्यक्ष भीमसेन ने कहा कि विधायक द्वारा पुलिस के खिलाफ की गई टिप्पणी निंदनीय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बयान वापस नहीं लिया गया तो विधायक की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी हट सकते हैं। साथ ही मामले में चरणबद्ध आंदोलन चलाने की भी घोषणा की गई। See Video-
पुलिस ने संयम बरता
एसोसिएशन के अनुसार, मतदान के दौरान पूर्व पार्षद जबरन बूथ में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे। रोके जाने पर उन्होंने समर्थकों के साथ मौजूद पुलिस बल पर हमला कर दिया, जिसमें चास एसडीपीओ गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस का दावा है कि स्थिति के बावजूद संयम बरता गया और पूर्व पार्षद के साथ किसी प्रकार की मारपीट नहीं की गई। कोर्ट में पेशी से पहले की मेडिकल रिपोर्ट भी इसका समर्थन करती है।

SDPO के घायल होने पर MLA ने नहीं दी प्रतिक्रिया
पुलिस संगठनों का कहना है कि एसडीपीओ के घायल होने पर विधायक ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, बल्कि पूर्व पार्षद के आरोपों के आधार पर पुलिस की कार्यशैली और वर्दी पर सवाल उठाए। उल्लेखनीय है कि विधायक ने विधानसभा में पुलिस हिरासत में मारपीट के मुद्दे को उठाया था। अब इस प्रकरण में पुलिस संगठनों और विधायक के बीच टकराव की स्थिति बनती दिख रही है।

