Bokaro: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक, पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना में पूरे राज्य में पूजा-अर्चना और दुआओं का दौर जारी है। इसी क्रम में बोकारो महानगर समिति के अध्यक्ष मंटू यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रविवार को प्रसिद्ध चंचनी स्थान स्थित माता मंदिर में विशेष पूजा का आयोजन किया।
शिबू सोरेन वर्तमान में दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन और विधायक बसंत सोरेन लगातार दिल्ली में उनकी देखभाल में जुटे हैं। शनिवार को बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने भी दिल्ली जाकर शिबू सोरेन से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
बोकारो में हुए आयोजन में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ताओं ने हवन, नारियल फोड़ने और विशेष मंत्रोच्चार के साथ भगवान भोलेनाथ और माता रानी से शिबू सोरेन के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। मंटू यादव ने कहा कि गुरुजी झारखंड राज्य आंदोलन के महानायक हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना हम सभी की सामूहिक भावना है।
राज्यभर के विभिन्न जिलों – जैसे रांची, साहिबगंज, गोड्डा, धनबाद और बोकारो में भी कार्यकर्ता मंदिरों में विशेष पूजा-पाठ और प्रार्थनाएं कर रहे हैं। झारखंड के लोग गुरुजी की शीघ्र वापसी की कामना कर रहे हैं ताकि वे राज्य के नवनिर्माण में पुनः सक्रिय भूमिका निभा सकें।