Bokaro: चास नगर निगम चुनाव के मद्देनजर सोमवार को राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। झामुमो नेता मंटू यादव के साथ मेयर प्रत्याशी उमेश कुमार ठाकुर ने सघन जनसंपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से समर्थन मांगा। जगह-जगह लोगों ने उनका स्वागत किया और समस्याएं भी साझा कीं।

अभियान की शुरुआत तुलसी बांध स्थित बसंती मंदिर से हुई, जिसके बाद केवट पारा और मछली पट्टी सहित आसपास के इलाकों में संपर्क किया गया। समर्थकों ने नारेबाजी कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी ने अभियान को और प्रभावी बनाया।
सभा को संबोधित करते हुए पार्टी नेता मंटू यादव ने कहा कि चास की जनता अब विकास आधारित नेतृत्व चाहती है। उन्होंने भरोसा जताया कि नगर निगम में ऐसी व्यवस्था बनेगी, जो सीधे आम लोगों की समस्याओं पर काम करे। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जनता अब भ्रामक वादों से सतर्क है।

जनसंपर्क में कई स्थानीय नेता, वार्ड पार्षद प्रत्याशी और सैकड़ों समर्थक शामिल हुए। अंत में कार्यकर्ताओं ने विकास और पारदर्शिता के मुद्दे पर चुनाव लड़ने तथा अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने का संकल्प लिया।
चास नगर निगम चुनाव में उमेश ठाकुर के साथ अन्य दावेदार भी सक्रिय हैं। भोलू पासवान, डॉ. विकास पांडेय, अभिनाश कुमार और गोपाल मुरारका ने जनसंपर्क तेज किया है। निधि कुमारी (एलईडी), बिनोद कुमार, राजू महतो, अमर स्वर्णकार और साधु शरण गोप के समर्थक भी वार्डों में बैठकों व पदयात्राओं के जरिए समर्थन जुटा रहे हैं। सभी प्रत्याशी विकास और बुनियादी सुविधाओं को प्रमुख मुद्दा बना रहे हैं।

