Bokaro: नगरपालिका चुनाव को लेकर अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से सहायक आयुक्त, उत्पाद के निर्देशानुसार उत्पाद विभाग ने दुग्दा थाना क्षेत्र के दुग्दा नयाकनारी इलाके में अवैध महुआ चुलाई शराब की भट्ठी पर छापामारी की। कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
छापामारी के दौरान मौके से करीब 100 लीटर अवैध चुलाई शराब तथा लगभग 1400 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया। बरामद अवैध सामग्री को नियमानुसार जब्त करते हुए आंशिक रूप से नष्ट किया गया, जबकि शेष को सुरक्षित रखा गया है।
उत्पाद विभाग ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण एवं संचालन में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया कि नगरपालिका चुनाव की अवधि में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ सघन अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य चुनावी माहौल को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कानून-व्यवस्था के अनुरूप बनाए रखना है।

