Bokaro: बोकारो की फिजा शुक्रवार की रात सचमुच “रंगीन” हो गई। जय झारखंड मजदूर समाज और सखा सहयोग सुरक्षा समिति के बैनर तले यूनियन कार्यालय में ऐसा होली मिलन हुआ कि अबीर-गुलाल भी शर्मा जाए! इस्पातकर्मी, ठेकाकर्मी और बोकारो स्टील प्लांट के बीजीएच सहित बड़े-बड़े अधिकारी जब एक-दूसरे को रंग लगाने लगे तो कुर्सियां भी मुस्कुरा उठीं।

थिरकने लगे
रानीपोखर की गायक मंडली ने ‘ब्रिंदावन में कृष्ण खेलत होली’ से लेकर ‘रंग बरसे’ तक ऐसा सुर छेड़ा कि गंभीर से गंभीर अफसर भी थिरकने लगे। किसी की टोपी तिरछी, किसी का चश्मा गुलाबी – पूरा हाल “रंगमंच” बन गया।
उपाधि से नवाजा
दीप प्रज्वलन के बाद असली धमाल तब मचा जब महामंत्री बी.के. चौधरी ने निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन को ‘श्री मुर्खाधिराज’ की उपाधि से नवाजा। पट्टा और टोपी पहनते ही तालियों और ठहाकों की बरसात शुरू हो गई। अधिशासी निदेशक (एचआर) राजश्री बनर्जी बनीं ‘सुश्री हुड़दंगी मैडम’, तो किसी को ‘अनोखे लाल’ और किसी को ‘जोगीरा लाल’ की उपाधि मिलते ही माहौल जोगीरा सा…रा…रा… में डूब गया।
प्रिय रंजन ने भी मुस्कराते हुए कहा, होली की यही मस्ती बोकारो को जोड़े रखेगी। देर रात तक रंग, रसगुल्ला और रिश्तों की मिठास घुलती रही।


