Bokaro : जिले में रामनवमी पर्व के अवसर पर निकाले गए भव्य जुलूस शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से सम्पन्न हुए। विभिन्न अखाड़ों एवं पूजा समितियों द्वारा पारंपरिक ध्वज, झांकियों एवं धार्मिक नारों के साथ जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई।

उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने कहा कि सभी लोगों के सहयोग एवं आपसी भाईचारे के कारण पर्व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। उन्होंने जिलेवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी तरह सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
वहीं, पुलिस अधीक्षक श्री हरविंदर सिंह ने बताया कि जुलूस के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और सभी जगहों पर पुलिस बल मुस्तैद रहा। उन्होंने आमजनों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।


