Bokaro : बोकारो पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूट की एक वारदात का महज 12 घंटे में खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लूटी गई बाइक, मोबाइल और नकदी समेत कई सामान भी बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, चास निवासी सोनू कुमार ने 25 मार्च को बालीडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे एक फाइनेंस कंपनी में रिकवरी एजेंट हैं और कुर्मीडीह इलाके से काम खत्म कर लौट रहे थे।
शाम करीब 6:30 बजे आरपीएफ बैरक के पास तीन बदमाश एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे और उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और पर्स, जिसमें 2000 रुपये, आधार कार्ड, मोबाइल फोन और उनकी बाइक (JH09AV-2018) लूट ली। इसके बाद धमकी देकर फोन-पे का पासवर्ड भी ले लिया और खाते से 5300 रुपये निकाल लिए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर मामले का खुलासा कर दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में राम कुमार यादव उर्फ भैरव यादव, प्रियांशु चौधरी उर्फ पेटरा और रोहित कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार भैरव यादव इस गिरोह का सरगना है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने लूटी गई बाइक, घटना में प्रयुक्त दूसरी बाइक, 3420 रुपये नकद, मोबाइल फोन, पर्स और आधार कार्ड बरामद किए हैं। मामले की जांच जारी है।

