Bokaro: दुर्गा पूजा के अवसर पर स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) ने अपने बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के गैर-कार्यपालक कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं को बोनस देने की घोषणा की है। यह निर्णय त्योहारी मौसम में कर्मचारियों के उत्साह और मनोबल को बढ़ाने के उद्देश्य से लिया गया है।
गैर-कार्यपालक कर्मचारियों को ASPLIS के तहत भुगतान
SAIL ने वर्ष 2025-26 के लिए Annual SAIL Performance Linked Incentive Scheme (ASPLIS) लागू करते हुए बोनस की राशि तय की है। इसके तहत नियमित गैर-कार्यपालक कर्मचारियों को ₹29,500 और प्रशिक्षु गैर-कार्यपालक कर्मचारियों को ₹23,600 का भुगतान किया जाएगा।

बोनस अधिनियम के तहत वर्गीकृत भुगतान
यह राशि पात्र कर्मचारियों के लिए Payment of Bonus (Amendment) Act, 2015 के अंतर्गत बोनस मानी जाएगी। जबकि अन्य नियमित गैर-कार्यपालक कर्मचारियों के लिए यह 2025-26 की SAIL वार्षिक प्रदर्शन प्रोत्साहन राशि मानी जाएगी।
सेवा समाप्त करने वाले कर्मचारियों के लिए नियम
जो कर्मचारी वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान सेवा से अलग होंगे, उन्हें यह राशि प्रो-राटा आधार पर मिलेगी। जो कर्मचारी भुगतान तिथि से पहले इस्तीफा दे चुके हैं, उन्हें लाभ नहीं मिलेगा। जबकि भुगतान के बाद इस्तीफा देने वालों से यह राशि अंतिम निपटान में काट ली जाएगी।
हड़ताल करने पर बोनस का लाभ नहीं
यदि कोई गैर-कार्यपालक कर्मचारी अनधिकृत काम बंदी, अवैध हड़ताल या उत्पादन प्रभावित करने वाली गतिविधि में शामिल पाया जाता है, तो वह इस बोनस/प्रोत्साहन राशि का पात्र नहीं होगा।
23 सितंबर तक खातों में राशि
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि बोनस और प्रोत्साहन राशि 23 सितंबर 2025 तक कर्मचारियों के वेतन खातों में CPRS प्रणाली से ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी जाएगी। दुर्गा पूजा से पहले इस बोनस की घोषणा ने कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ा दी है।
