Bokaro: महारत्न कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के चेयरमैन अमरेंदु प्रकाश के अध्यक्ष पद से हटने की अटकलों पर गुरुवार को विराम लग गया, जब सार्वजनिक उपक्रम चयन बोर्ड (PSEB) ने सेल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (CMD) पद के लिए आवेदन आमंत्रित कर दिए। सेल एक अनुसूची ‘ए’ श्रेणी की केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र की इकाई है।
यह दर्शाया जाता रहा था कि हालात सामान्य हैं
गौरतलब है कि अमरेंदु प्रकाश के इस्तीफे की चर्चा जनवरी के पहले सप्ताह से ही सेल मुख्यालय और इसकी विभिन्न स्टील इकाइयों में चल रही थी। हालांकि, कंपनी की ओर से लंबे समय तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई और यह दर्शाया जाता रहा कि हालात सामान्य हैं, बावजूद इसके अंदरूनी हलचल बनी रही।
PSEB ने वेबसाइट पर पुनः किया था नाम अपडेट
मामला एक बार फिर 31 जनवरी को उस समय उभरा, जब पीईएसबी की आधिकारिक वेबसाइट से सेल चेयरमैन का नाम हटा दिया गया। हालांकि, मीडिया में खबरें आने से पहले ही पीईएसबी ने वेबसाइट पर पुनः अमरेंदु प्रकाश का नाम अपडेट कर दिया। पहले उनका कार्यकाल अप्रैल 2026 तक दर्शाया गया, जिसे बाद में संशोधित कर 2028 कर दिया गया। इसके बाद चर्चाओं पर अस्थायी विराम लग गया।

नई अधिसूचना ने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया
इसी बीच, 5 फरवरी को सार्वजनिक उपक्रम चयन बोर्ड (PSEB) द्वारा जारी एक नई अधिसूचना ने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया। अधिसूचना में सेल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) पद के लिए योग्य उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए गए। इस कदम को मौजूदा शीर्ष नेतृत्व में बदलाव के स्पष्ट संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। जैसे ही यह सूचना सार्वजनिक हुई, स्टील उद्योग से जुड़े हलकों में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर तेज हो गया और वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर बाजार से जुड़े जानकारों तक में अटकलों का सिलसिला शुरू हो गया। पीईएसबी के इस निर्णय को सेल के शीर्ष प्रबंधन में संभावित परिवर्तन की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
PSEB ने संबंधित मंत्रालयों और विभागों को सूचना दी
आवेदन पीईएसबी के सचिव दिनेश कुमार वर्मा के नाम सार्वजनिक उपक्रम भवन, नई दिल्ली भेजे जाने हैं। चयन प्रक्रिया के दौरान प्रस्तुत करने के लिए उम्मीदवारों की वार्षिक गोपनीय आख्या (एसीआर) और सतर्कता प्रोफाइल तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। पीईएसबी ने संबंधित मंत्रालयों और विभागों से पद की सूचना अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर व्यापक प्रचार सुनिश्चित करने को कहा है। इस संबंध में स्टील मंत्रालय, सेल प्रबंधन और अन्य केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों को भी सूचना की प्रतिलिपि भेजी गई है।
अधिसूचना के अनुसार, सीएमडी पद के लिए वेतनमान Rs 2,00,000 से Rs 3,70,000 प्रतिमाह निर्धारित है। इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवारों को अपने सत्यापित आवेदन निर्धारित प्रारूप में 9 मार्च 2026 को शाम 5 बजे तक पीईएसबी को भेजने होंगे। Read Notice ->

