Bokaro: दीपावली और छठ के पावन अवसर पर शुक्रवार को डीपीएस बोकारो में विशेष एसेंबली का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। सीनियर इकाई के कार्यक्रम की शुरुआत भक्ति गीत “जग का व्यापक अंधकार हर निज प्रकाश भर दो, ज्योतिर्मय कर दो” के सामूहिक गान से हुई। इसके बाद कक्षा 9 के रतन शालीन ने सुविचार साझा किए, जबकि 11वीं की अद्रिजा मंत्री ने देश-विदेश के प्रमुख समाचार प्रस्तुत किए।
छठ और दीपावली की सांस्कृतिक झलक
कक्षा 10 की अन्वी राय ने छठ की महत्ता पर आधारित कविता प्रस्तुत कर सांस्कृतिक विरासत को उजागर किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने “उग हो सुरुज देव अर्घ्य के बेला भइल दी ना” एवं अन्य छठ गीतों का सुमधुर गायन किया। दीपावली की खुशियों को और जीवंत करने के लिए बच्चों ने “केसर तिलक लगाओ, दिवाली जश्न मनाओ” गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। जगमगाते दीयों और छठ-पूजन सामग्रियों की सजावट ने कार्यक्रम की भव्यता को चार चांद लगा दिए।
प्राइमरी इकाई में उत्सव की रौनक
विद्यालय की प्राइमरी इकाई के बच्चों ने भी रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से संस्कृति, कला और भक्ति का संगम दिखाया। दिवाली गीत और सूर्य देव की आराधना से बच्चों ने अंधकार पर प्रकाश की विजय और जीवन के महत्व को दर्शाया। मनमोहक नृत्य और भावपूर्ण मुद्राओं ने सबका मन मोह लिया।
प्राचार्य का संदेश और शुभकामनाएं
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. ए.एस. गंगवार ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की और दीपावली व छठ की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ज्ञान, अनुशासन और सकारात्मक सोच के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जैसे दीए का प्रकाश अंधकार मिटाता है, वैसे ही ईमानदारी और मेहनत का प्रकाश जीवन में सफलता लाता है।

