Bokaro: महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। गुरुवार को प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, बोकारो (IG Bokaro) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रक्षेत्र के सभी पुलिस उप-महानिरीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

शिव मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों में
समीक्षा के दौरान आईजी ने निर्देश दिया कि सभी जिलों में शिव मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों, विशेषकर संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाए। पुलिस पदाधिकारियों को लाठी, हेलमेट, शील्ड सहित सभी सुरक्षा उपकरणों से लैस रहने का निर्देश दिया गया। चिन्हित स्थलों पर क्यूआरटी टीम की तैनाती दंगारोधी उपकरणों, स्टन ग्रेनेड, टीयर गैस व रबर बुलेट के साथ सुनिश्चित करने को कहा गया।
विशेष निगरानी रखने
पूर्व में घटित साम्प्रदायिक घटनाओं पर विशेष निगरानी रखने तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 126 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए बाउंड डाउन करने का निर्देश दिया गया। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

दंडाधिकारी व पुलिस बल की तैनाती
शिव बारात मार्ग का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक स्थानों पर दंडाधिकारी व पुलिस बल की तैनाती होगी। सभी थानों में शांति समिति की बैठक अनिवार्य रूप से करने तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में फ्लैग मार्च व ड्रोन से निगरानी के निर्देश दिए गए।
निर्देश
सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखने, जिला नियंत्रण कक्ष को अलर्ट मोड में रखने तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों व अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया है।

