Bokaro: डी.ए.वी. इस्पात पब्लिक स्कूल, सेक्टर–2C में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में कक्षा 1 से 11 तक के विद्यार्थियों ने 250 से अधिक आकर्षक और ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए, जिनमें उनकी रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधीक्षक बोकारो डॉ. अतुल कुमार चौबे, ए.आर.ओ. सह प्राचार्य संजीत कुमार मिश्रा एवं विद्यालय के प्राचार्य प्रवीण कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और डी.ए.वी. गान से हुई, जिसने वातावरण को प्रेरणादायक बना दिया। विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विज्ञान के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी का मुख्य विषय “सृजन” रहा, जिसके अंतर्गत विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, भाषा, कला एवं क्राफ्ट जैसे विभिन्न विषयों पर मॉडल प्रदर्शित किए गए।
मुख्य अतिथि डॉ. चौबे ने कहा कि विज्ञान शिक्षा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ए.आर.ओ. संजीत कुमार मिश्रा ने मूल्य आधारित शिक्षा पर जोर दिया। प्रदर्शनी में चंद्रयान-3, सोलर एनर्जी, स्मार्ट हाउस, मानव हृदय, प्रदूषण नियंत्रण सहित कई मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।


