Bokaro: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में कोयला से जुड़े अवैध खनन एंव परिवहन का मुद्दा छाया रहा।

अवैध खनन एवं परिवहन पर सख्त कार्रवाई का निर्देश
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों एवं संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि अवैध खनन एवं परिवहन से संबंधित मीडिया द्वारा प्रेषित सूचना/समाचार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही आम जनता से प्राप्त शिकायतों पर भी तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया।
सीसीएल क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के निर्देश
उपायुक्त ने सीसीएल के प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को निर्देश दिया कि सीसीएल के अधिकृत क्षेत्रों में अवैध खनन पर सीआइएसएफ द्वारा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सीसीएल प्रबंधन को यह भी निर्देशित किया गया कि वे अपने स्तर से सुनिश्चित करें कि उनके अधिकृत क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध खनन एवं परिवहन नहीं हो।

बंद खदानों की बैरिकेडिंग व सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें
बैठक में सीसीएल प्रबंधन को निर्देश दिया गया कि लीज क्षेत्र एवं बंद पड़ी खदानों की समुचित बैरिकेडिंग कराई जाए तथा आवश्यकतानुसार सीआइएसएफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
वन क्षेत्र में अवैध खनन पर रोक लगाने का निर्देश
वन क्षेत्र से किसी भी प्रकार का अवैध खनन एवं परिवहन न हो, इसके लिए वन विभाग के पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
प्रदूषण नियंत्रण के लिए जल छिड़काव की व्यवस्था
बैठक में सभी परियोजनाओं को निर्देश दिया गया कि प्रदूषण से बचाव के लिए वाटर स्प्रिंकलर लगाए जाएं तथा नियमित रूप से जल का छिड़काव कराया जाए, ताकि आसपास के क्षेत्रों में धूल एवं प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सके।
बैठक में ये अधिकारी थे मौजूद
बैठक में अपर समाहर्ता मो मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढ़ांडा, जिला खनन पदाधिकारी रवि कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो मुकेश मछुआ, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,सभी अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, खान निरीक्षक सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

