Bokaro: बोकारो स्टील सिटी में आयकर विभाग की ओर से बुधवार को जागरूकता का विशेष अभियान चलाया गया। 26 फरवरी 2026 को सेक्टर-5 स्थित आशा लता दिव्यांग विकास केंद्र के सभागार में आयकर अधिकारी (छूट), हजारीबाग इकाई द्वारा ट्रस्ट, सामाजिक संस्थाओं, छूट प्राप्त संगठनों, चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं अधिवक्ताओं के लिए आउटरीच सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम आयकर आयुक्त (छूट), पटना शिव स्वरूप सिंह के निर्देशन तथा अपर आयकर आयुक्त (छूट), रेंज-2, रांची राखी निशा उरांव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इसमें बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

छूट प्रावधान और अनुपालन
कार्यक्रम का उद्देश्य आयकर अधिनियम के तहत उपलब्ध छूट प्रावधानों और अनुपालन आवश्यकताओं की विस्तृत जानकारी देना था। विशेषज्ञों ने धारा 11, 12 व 12AB के अंतर्गत छूट, 85 प्रतिशत आय उपयोग के नियम, कॉर्पस डोनेशन के प्रावधान, ऑडिट एवं ITR-7 दाखिल करने की अनिवार्यता तथा धारा 13 के उल्लंघन के परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही ट्रस्ट एवं एनजीओ द्वारा की जाने वाली सामान्य त्रुटियों और प्रस्तावित नए आयकर अधिनियम की विशेषताओं पर भी चर्चा हुई।
मनी लॉन्ड्रिंग एवं टेरर फंडिंग
आयुक्त सिंह ने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल कर संग्रह नहीं, बल्कि करदाताओं को सही मार्गदर्शन देना भी है। उन्होंने पारदर्शिता, समय पर रिटर्न दाखिल करने और उचित लेखांकन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने ट्रस्ट एवं एनजीओ से अपील की कि वे पारदर्शिता बनाए रखें, समय पर रिटर्न दाखिल करें, उचित लेखांकन एवं दस्तावेजीकरण रखें, ताकि उन्हें आयकर छूट का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे। अपर आयकर आयुक्त (छूट), रेंज-२, राँची के निर्देशानुसार मनीलॉन्ड्रिंग एवं टेरर फंडिंग के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई तथा जरूरी निवारक उपायों के बारे में भी बताया गया।


