Bokaro: बोकारो स्टील टाउनशिप की एक 18 वर्षीय लड़की की नादानी ने उसके माता-पिता को ऐसी पीड़ा दी, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। घर की एक छोटी-सी बात पर नाराज़ होकर वह बिना बताए घर से निकल गई। ऐसे वक्त में, जब जिले में महिलाओं और युवतियों की गुमशुदगी की खबरें लगातार सामने आ रही हैं, बेटी के अचानक लापता होने की सूचना ने माता-पिता की धड़कनें बढ़ा दीं। हर गुजरते पल के साथ उनकी चिंता और भय गहराता चला गया।
कोई सुराग नहीं मिला तो
घबराए माता-पिता ने पहले खुद हर संभावित जगह पर बेटी को ढूंढा, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो आंखों में आंसू लिए सेक्टर-12 थाना पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के जरिए बेटी को 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। लड़की ने पुलिस को बताया कि उसका जन्मदिन को उसके माता-पिता द्वारा अच्छे ढंग से न मनाए जाने से नाराज़ होकर वह घर से बिना बताए बैग लेकर निकल गई थी।
सिटी डीएसपी ने बताया
अपनी बेटी को सुरक्षित देखकर माता-पिता की आंखों से राहत के आंसू छलक पड़े। यह घटना उन बच्चों के लिए सीख है, जो क्षणिक नाराज़गी में घर छोड़ने जैसा कठोर कदम सोच लेते हैं। सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि 7 फरवरी को शिकायत मिलते ही सभी पहलुओं की जांच की गई। पूछताछ में किशोरी ने गुस्से में घर छोड़ने की बात स्वीकार की।


